Indian Premier League: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ 4 विकेट से जीत दर्ज की। 4 ओवरों में महज 14 रन देकर 3 विकेट हासिल करने वाले केकेआर के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। चक्रवर्ती ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि उनकी टीम इस सीजन सिर्फ हिस्सा लेने नहीं आई है।
ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने 9 विकेट खोकर 155 रन बनाए। इसके जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 19.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। केकेआर ने इस सीजन 6 मुकाबलों के बाद जीत का खाता खोला है। इससे पहले टीम ने 5 मुकाबले गंवाए थे, जबकि एक मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा था।
सीजन में पहली जीत दर्ज करने के बाद चक्रवर्ती ने कहा, "बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। सबसे पहले मैं पूरे कोचिंग स्टाफ को श्रेय देना चाहता हूं, क्योंकि पिछले कुछ हफ्ते मुश्किल रहे। नतीजे हमारे पक्ष में नहीं गए और बाहर काफी बातें हो रही थीं, लेकिन हेड कोच और बाकी स्टाफ ने उस शोर का असर हम पर नहीं होने दिया। हम अपनी प्रक्रिया पर टिके रहे, इसलिए यह जीत सभी की है।"