T20 World Cup: महिला टी20 विश्व कप 2024 में भारत की शुरुआत हार के साथ हुई लेकिन अब चीजें करवट ले रही हैं। हर पैमाने पर भारतीय पक्ष मजबूत नजर आ रहा है। न्यूजीलैंड से मिली शर्मनाक हार, पाकिस्तान के खिलाफ संतोषजनक जीत और अब श्रीलंका के खिलाफ बंपर कमबैक से भारतीय महिला टीम अंक तालिका में बेहतर स्थिति में पहुंच गई है।
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम पॉइंट्स टेबल में चौथे से दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। साथ ही टीम ने नेट रन रेट में भी जबरदस्त सुधार किया है। दुबई में बुधवार 9 अक्टूबर को खेले गए ग्रुप ए के इस मुकाबले में टीम इंडिया हर मोर्चे पर अव्वल साबित हुई, जिसमें सबसे अहम थी फील्डिंग। श्रीलंका के खिलाफ भारत का पहला लक्ष्य तो जीत दर्ज करना था और बड़े अंतर से जीतना भी बेहद जरूरी था। टीम इंडिया ने दोनों ही मोर्चों पर सफलता हासिल की। इस मैच की सबसे खास बात यह रही है कि टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर ने अच्छा प्रदर्शन किया।
20 ओवर में टीम ने मात्र 3 विकेट खोकर 172 रन जोड़े। फिर, भारतीय गेंदबाजों ने पूरी श्रीलंकाई टीम को सिर्फ 90 रन पर ढेर कर दिया। इस मुकाबले में भारतीय फील्डर के भी तेवर बदले हुए नजर आए, या यूं कह लीजिए टीम इंडिया के खिलाड़ियों में सही मायने में चैंपियन बनने की ललक नजर आई।