पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टी20 विश्व कप 2026 में 15 फरवरी को भारत के साथ होने वाले मैच के बहिष्कार के अपने फैसले को वापस ले लिया है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम अब भारत के साथ मैच खेलने को तैयार है। पूर्व क्रिकेटर मदन लाल ने पीसीबी के इस फैसले को मजबूरी में लिया फैसला बताया।
आईएएनएस से बात करते हुए मदन लाल ने कहा, "पाकिस्तान के यूटर्न की संभावना पहले से ही थी। पाकिस्तान अगर भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलती तो उन्हें आर्थिक नुकसान होता। आईसीसी भी उनके खिलाफ सख्त फैसले लेती और भविष्य में उनके लिए मुश्किलें खड़ी होतीं। ऐसे में भारत के साथ मैच खेलने का फैसला उन्होंने अपने हित में लिया है।"
मदन लाल ने कहा कि पाकिस्तान का ये कहना कि उन्होंने बांग्लादेश और श्रीलंका के कहने पर भारत के साथ खेलने का फैसला लिया है, गलत है। क्या उनके पास अपना दिमाग नहीं है? उन्होंने पहले गलत फैसला लिया था जिसे अब सुधारा है। आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की कोई बात नहीं मानी है। भारतीय टीम पाकिस्तान के साथ खेलेगी या नहीं, यह फैसला बीसीसीआई लेगी, न की आईसीसी।