Elite Group B: हर्ष दुबे के गेंद और बल्ले दोनों से कमाल और विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी की तरह रणजी ट्रॉफ़ी में भी अपने शानदार फ़ॉर्म को जारी रखने वाले करुण नायर की शतकीय पारी की बदौलत विदर्भ ने तमिलनाडु को 198 रनों से हरा दिया। सेमीफ़ाइनल में विदर्भ का सामना मुंबई में होगा जो कि उनके घरेलू मैदान नागपुर में खेला जाएगा क्योंकि उन्होंने ग्रुप स्टेज के मुक़ाबलों में सर्वाधिक अंक हासिल कर नॉकआउट में प्रवेश किया था।
इस मैच के शुरू होने से पहले इस सीज़न दुबे के नाम सर्वाधिक 55 विकेट थे और दूसरी पारी में उन्होंने तीन और विकेट अपने खाते में जोड़ लिए। जिसके चलते 401 रनों का पीछा कर रही तमिलनाडु की टीम महज़ 202 रनों पर ही सिमट गई। दुबे ने इस मैच में दो अर्धशतकीय पारियां भी खेली और इस सीज़न उनके खाते मे 400 से अधिक रन भी हो गए हैं।
हालांकि प्लेयर ऑफ़ द मैच नायर को चुना गया जिन्होंने पहले दिन 122 रनों की पारी खेल विदर्भ के लिए मैच बनाया था। दानिश मालेवर के साथ 98 रनों की साझेदारी के चलते विदर्भ की वापसी संभव हो पाई थी। उसके बाद नायर ने दुबे के साथ भी 106 रनों की साझेदारी की थी जिसके चलते विदर्भ पहली पारी में 353 के स्कोर तक पहुंच पाया था।