ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट मुकाबला डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। टेस्ट का पहला दिन पूरी तरह से बांग्लादेश के नाम रहा। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 198 रनों पर समेटने के बाद बांग्लादेश ने सिर्फ एक विकेट खोकर 96 रन बना लिए हैं।
पहली पारी में बांग्लादेश की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और शादमान इस्लाम 30 गेंदों का सामना करने के बाद 20 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तंजीद हसन तमीम और मोमिनुल हक ने मोर्चा संभाला और दिन का खेल खत्म होने तक टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया।
दूसरे विकेट के लिए दोनों मिलकर 60 रनों की अटूट साझेदारी निभा चुके हैं। तंजीद 67 गेंदों का सामना करने के बाद 32 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि मोमिनुल 49 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 35 रन बना चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एकमात्र विकेट मिचेल स्टार्क ने चटकाया है।