ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हैडिन को न्यू साउथ वेल्स पुरुष टीम ने अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। हैडिन पूर्व कोच ग्रेग शिपर्ड की जगह लेंगे। शिपर्ड का कॉन्ट्रैक्ट एक साल पहले समाप्त हो गया था।
हैडिन ने न्यू साउथ वेल्स को दिए एक बयान में कहा, "न्यू साउथ वेल्स क्रिकेट मेरी जिंदगी का एक अहम हिस्सा रहा है, और ब्लूज के हेड कोच के तौर पर फिर से टीम में शामिल होना मेरे और मेरे परिवार के लिए गर्व का पल है। मैं न्यू साउथ वेल्स क्रिकेट में एक नया जोश वापस लाने के लिए हमारे मौजूदा प्रतिभावान खिलाड़ियों के साथ काम करने और एक ऐसी टीम बनाने का इंतजार कर रहा हूं जिसके खेलने का स्टाइल जबरदस्त और खास हो, जिस पर हम सभी को गर्व हो। बैगी ब्लू पहनना बहुत खास था और इसने मुझे मेरे करियर की कुछ सबसे अच्छी यादें दीं।"
टीम के सीईओ ली जर्मन ने कहा, "मुझे ब्रैड हैडिन का क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स में फिर से स्वागत करते हुए खुशी हो रही है, ब्रैड एक बहुत जाने-माने कोच हैं। उन्हें अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइज स्तर का अपार अनुभव है। न्यू साउथ वेल्स के खेलने के तरीके की गहरी समझ है। उम्मीद है कि वे हमारे कार्यक्रम को आगे बढ़ाएंगे और आगामी टूर्नामेंटों के लिए टीम को मजबूती से तैयार करेंगे।"