महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की महिला टीम ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। टीम ने फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत पर फिल्म जगत के तमाम सितारे गदगद नजर आए और महिला विजेता टीम को खास अंदाज में बधाई दी।
डब्ल्यूपीएल 2026 का यह फाइनल महिला क्रिकेट के लिए यादगार रहा। यह आरसीबी विमेंस का दूसरा डब्ल्यूपीएल खिताब है। इससे पहले वह साल 2024 में भी चैंपियन बनी थीं। मैच में स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल की जबरदस्त बल्लेबाजी ने आरसीबी को जीत दिलाई।
आरसीबी की इस शानदार जीत पर फिल्म जगत के सितारों ने खुशी जताई और बधाइयां दीं। अभिनेत्री और भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा ने आरसीबी टीम को बधाई देने के लिए इंस्टाग्राम का सहारा लिया। उन्होंने टीम की एक तस्वीर के साथ बधाई देते हुए लिखा, “आरसीबी विमेंस ने यह दोबारा कर दिखाया, इतिहास का फिर से दोहराव।”