Indian Premier League: आईपीएल 2026 में अभी भले ही सिर्फ 12 ही मुकाबले खेले गए हों, लेकिन एक बल्लेबाज का नाम हर किसी की जुबां पर आ गया है। यह नाम है दिल्ली कैपिटल्स के उभरते हुए बल्लेबाज समीर रिजवी। समीर के पिता नहीं चाहते थे कि वह क्रिकेटर बनें। हालांकि, उनके मामा ने समीर की प्रतिभा को पहचाना।
मेरठ के रहने वाले समीर को शुरुआत से ही क्रिकेट से खास लगाव था। मामा तनकीब अख्तर के साथ समीर मैदान पर अक्सर जाया करते थे और यहीं से उन्होंने क्रिकेट की बारीकियों को सीखना शुरू किया। हालांकि, समीर के पिता और परिवार नहीं चाहताे थे कि वह क्रिकेट की दुनिया में अपना करियर बनाएं। पिता की चाहत था कि समीर पढ़ाई करें। हालांकि, क्रिकेट के प्रति समीर के जुनून के आगे पिता को भी झुकना पड़ा।
बेहद कम उम्र में ही समीर अपनी बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरने लगे। अंडर-14 टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में समीर ने शतक लगाकर अपनी काबिलियत का नमूना छोटी सी उम्र में ही पेश कर दिया था। महज 16 साल की उम्र में समीर ने उत्तर प्रदेश के लिए अपना फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया और इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। घरेलू क्रिकेट में समीर ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से हर किसी को प्रभावित किया। हालांकि, वह सुर्खियों में साल 2023 में खेली गई यूपी टी20 लीग के दौरान आए। इस टूर्नामेंट में समीर ने सिर्फ 9 मुकाबलों में 455 रन बनाए और हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा।