एशियन गेम्स में आखिरकार गोल्ड मेडल का खाता खुला, उम्मीद है सिलसिला जारी रहेगा: कोच मजूमदार (एशियन गेम्स में आखिरकार गोल्ड मेडल का खाता खुला, उम्मीद है सिलसिला जारी रहेगा: कोच मजूमदार)
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ 147 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए एशियन गेम्स 2026 में 'गोल्ड मेडल' अपने नाम किया। हेड कोच अमोल मजूमदार का मानना है कि खिताब बचाने में कामयाब होना देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने का सिलसिला शुरू कर सकता है।
मंगलवार को निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में भारतीय टीम ने 216/3 का स्कोर बनाने के बाद 'विमेन इन ब्लू' ने श्रीलंका को सिर्फ 69 रन पर समेट दिया। इस जीत से देश को 2026 संस्करण का पहला गोल्ड मेडल मिला।
भारत के लगातार दूसरे एशियाड गोल्ड जीतने के बाद मजूमदार ने 'आईएएनएस' से कहा, "यह शानदार रहा। मुझे सच में खुशी है। आखिरकार बाईं ओर के कॉलम (गोल्ड) को एक मेडल मिला है और मुझे यकीन है कि इसके बाद, भारत के लिए इन गेम्स में गोल्ड मेडल का सिलसिला जारी रहेगा।"