गोरखपुर: पंजाब किंग्स का हिस्सा बनने के बाद पहली बार घर पहुंचे विशाल, हुआ जोरदार स्वागत (Image Source: IANS)
इंडियन प्रीमियर लीग को भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने के लिए इन दिनों गेट पास के रूप में देखा जाता है। आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन कहीं न कहीं खिलाड़ियों को भारतीय टीम में जगह बनाने के दावेदार बनाता है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के विशाल निषाद ने भी कड़ी मेहनत करते हुए आईपीएल का कांट्रैक्ट हासिल किया है।
विशाल निषाद को आईपीएल की फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स ने पिछले साल हुई नीलामी में 30 लाख में खरीदा था। आईपीएल का कांट्रैक्ट हासिल करने के बाद पहली बार गोरखपुर पहुंचे विशाल का भव्य स्वागत किया गया। अपने घर में हुए स्वागत से विशाल बेहद खुश नजर आए।
मीडिया से बात करते हुए विशाल ने कहा, "पंजाब किंग्स का हिस्सा बनने के बाद अच्छा लग रहा है। खासकर, घर आने के बाद जिस तरह लोगों ने मेरा स्वागत किया है, उससे अभिभूत हूं।"