Chennai Super Kings: चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने करियर की पहली गेंद पर विकेट हासिल करने वाले 17वें खिलाड़ी बन गए हैं। 6 फुट 3 इंच लंबे इस गेंदबाज ने शनिवार को आईपीएल 2026 के 18वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के कप्तान अक्षर पटेल को अपना शिकार बनाया।
27 वर्षीय गुरजपनीत सिंह को चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने दिल्ली कैपिटल्स की पारी के 7वें ओवर में गेंद थमाई। उन्होंने अपने आईपीएल करियर की पहली ही गेंद पर अक्षर पटेल को सरफराज खान के हाथों कैच आउट कराया।
सरफराज खान ने बैकवर्ड प्वाइंट पर हवा में उछलकर शानदार कैच लपका, जिसके बाद गेंद को हाथ में लेकर लंबी दौड़ लगा दी। उस समय सीएसके के खेमे में शानदार जश्न का माहौल देखने को मिला। इसी के साथ गुरजपनीत सिंह आईपीएल करियर की पहली गेंद पर विकेट हासिल करने वाले 17वें खिलाड़ी बने।