ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन (जीडीसीए) ने दिवाली के मौके पर शहर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए एक खास कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) के अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया वर्चुअल रूप से जुड़े और खिलाड़ियों को तोहफे बांटकर उन्हें प्रोत्साहित किया।
जीडीसीए अध्यक्ष संग्राम सिंह कदम ने बताया कि कार्यक्रम में 2 खिलाड़ियों को 10-10 हजार रुपए का नकद पुरस्कार मिला। मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे 2 खिलाड़ियों को क्रिकेट किट मिली। 2 खिलाड़ियों को इलेक्ट्रिक बाइक दी गई। इसके अलावा, व्हीलचेयर क्रिकेट से जुड़े खिलाड़ी को नई व्हीलचेयर भेंट की गई है।
इस मौके पर महाआर्यमन सिंधिया ने खिलाड़ियों से तोहफे को प्रोत्साहन के रूप में स्वीकार करने के लिए कहा। उन्होंने उम्मीद जताई है कि खिलाड़ी भविष्य में शानदार क्रिकेट खेलते हुए ग्वालियर और एमपीसीए का नाम रोशन करेंगे।