जम्मू-कश्मीर के पर्यटन विभाग और खेल परिषद की ओर से रविवार को 'जम्मू हाफ मैराथन' का आयोजन किया गया। इसमें युवाओं के बीच नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी की दौड़ें शामिल थीं। अंतरराष्ट्रीय एथलीटों ने 'हाफ मैराथन' में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 21 किमी की दौड़ को हरी झंडी दिखाई। इस आयोजन में मंत्री सतीश शर्मा, अभिनेता व मॉडल मिलिंद सोमन, अभिनेत्री गुल पनाग, खेल परिषद की सचिव नुजहत गुल और पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक एजाज कैसर भी शामिल हुए।
जम्मू हाफ मैराथन के अवसर पर मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और भाईचारे का संदेश जाएगा, जो लोगों को स्वस्थ और फिट रहने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'फिट इंडिया' का ब्रांड एंबेसडर बनाया, इसी बहाने हमारे जैसे लोग भी फिट होंगे। आने वाले दिनों में ज्यादा से ज्यादा आयोजन होंगे। बच्चों के लिए भी आने वाले दिनों में बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि अगले साल में आईपीएल यहां कराना है। वाटर स्पोर्ट्स के आयोजन भी कराए जाएंगे।