Gujarat Titans: आईपीएल 2026 के 52वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को 77 रनों से हराया। इस सीजन की सातवीं जीत से जीटी के कप्तान शुभमन गिल काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि स्कोरबोर्ड पर 10 से 15 अधिक रन लगाने का टीम को फायदा मिला।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली धमाकेदार जीत के बाद गिल ने कहा, "बहुत खुश हूं, यह हमारी क्लीन जीत थी। हमने बोर्ड पर 10-15 रन अतिरिक्त लगाए। स्पिनर्स के खिलाफ खेलना आसान नहीं था। हमने 230 रन बनाए, हमें हमेशा पता था कि पावरप्ले के बाद हमारा गेम अच्छा होगा। हमने भी यही सोचा था, बस गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखना है।"
उन्होंने आगे कहा, "स्पिनर्स के खिलाफ खेलना आसान नहीं था। कुछ ओवर ऐसे थे जहां हमें बाउंड्री नहीं मिलीं, लेकिन आखिरी ओवर में हमने इसे अच्छे से कवर किया। शुरू में विकेट लेने से हमारे गेंदबाजों को अटैक करने का मौका मिला। यही सोच है कि हमेशा अटैक करते रहो और विकेट लेते रहो। टीम के प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। हमारा अगला गेम घर पर है। मेरा टखना मुड़ गया था, लेकिन आधे घंटे बाद यह थोड़ा ठीक हो गया।"