वनडे वर्ल्ड कप 2027 के शेड्यूल का ऐलान हो चुका है। साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे की संयुक्त मेजबानी में अगले साल यह विश्व कप खेला जाना है। भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। हालांकि, टीम मैनेजमेंट और सिलेक्टर्स के सामने भारत के स्क्वॉड को लेकर कई बड़े सवाल हैं, जिनका जवाब और समाधान वक्त रहते खोजना है।
तैयार नहीं बैकअप ओपनर: वनडे विश्व कप 2027 में शुभमन गिल और रोहित शर्मा पारी का आगाज करेंगे यह बात तो तय है, लेकिन अगर इन दोनों बल्लेबाजों में से कोई एक चोटिल हो जाता है, तो भारत ने अब तक बैकअप ओपनर तैयार नहीं किए हैं। यशस्वी जायसवाल को हर बार वनडे टीम में चुना जाता है, लेकिन वह बेंच पर ही बैठे रह जाते हैं।
यशस्वी ने अपने वनडे करियर में कुल 6 मैच खेले हैं, जबकि इस साल उन्हें सिर्फ दो वनडे खेलने का मौका मिला है। टीम मैनेजमेंट अगर ईशान को विकल्प के तौर पर देख रहा है, तो उन्होंने भी साल 2026 में महज 5 वनडे मैच खेले हैं। हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ हुई सीरीज में यशस्वी को मौका नहीं मिला था।