ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में इंग्लैंड को 7 विकेट से हराते हुए महिला टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। ऑस्ट्रेलिया को रिकॉर्ड सातवीं बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी दिलाने में बेथ मूनी का रोल बेहद अहम रहा। पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन के लिए मूनी को 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया।
फाइनल मुकाबले में भी मूनी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों पर 64 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। ऑस्ट्रेलिया के चैंपियन बनने के बाद मूनी ने टीम के प्रदर्शन की तारीफ की। ऑस्ट्रेलियाई टीम की सलामी बल्लेबाज ने कहा, "यहां पहुंचकर बहुत खुश हूं। पिछले दो आईसीसी टूर्नामेंट हमारे लिए अच्छे नहीं रहे थे। इसलिए सुबह जब मैं उठी तो सबसे पहले यही महसूस हुआ कि हम फाइनल तक पहुंचे हैं, इसके लिए भी हमें शुक्रगुजार होना चाहिए।"
मूनी ने सिर्फ बल्ले से ही नहीं बल्कि विकेटकीपिंग में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने इंग्लैंड की ओपनर डैनी व्याट-हॉज को स्टंप आउट किया। उन्होंने कहा कि विकेटकीपिंग में आत्मविश्वास वापस पाने में ऑस्ट्रेलियाई कोचिंग स्टाफ ने उनकी काफी मदद की।