अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद द्वारा जारी वनडे फॉर्मेट की ताजा रैंकिंग में विराट कोहली को फायदा हुआ है, जबकि इस फॉर्मेट में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल को नुकसान हुआ है।
रांची वनडे में विराट कोहली ने 120 गेंद पर 135 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। इस पारी का विराट को फायदा हुआ है। ताजा वनडे रैंकिंग में उन्हें एक स्थान का फायदा हुआ है। वह चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। शुभमन गिल इंजरी की वजह से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। इसका नुकसान उन्हें हुआ है। गिल एक पायदान नीचे फिसल कर पांचवें स्थान पर चले गए हैं।
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा मजबूती से पहले स्थान पर काबिज हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में अर्धशतक और तीसरे वनडे में शतक लगाने वाले रोहित ने रांची में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में अर्धशतक लगाया था। इस वजह से वह पहले स्थान पर मजबूती से बने हुए हैं।