क्रिकेट के मैदान पर भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान के प्लेयर्स संग हाथ न मिलाने के अपने फैसले पर बरकरार हैं। विमेंस एशिया कप 2026 में भी यह सिलसिला जारी रहा। भारतीय टीम ने चैंपियन बनने के बाद एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी भी नहीं ली। इस पूरे विवाद पर भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव ने अपनी राय रखी है।
कपिल देव ने '7वें होटलियर्स कॉन्क्लेव' इवेंट में बात करते हुए कहा, "मैं इस तरह के मामले में अपनी सरकार और क्रिकेट बोर्ड की पॉलिसी को देखूंगा। अगर मेरा क्रिकेट बोर्ड कहेगा कि मुझे हाथ नहीं मिलाना है, तो मैं हाथ नहीं मिलाऊंगा। अगर बोर्ड कहेगा कि पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलना है, तो मैं नहीं खेलूंगा। हालांकि, अगर मेरी सरकार और बोर्ड कहेंगे कि जाइए पाकिस्तान के खिलाफ खेलिए, तो मैं बिल्कुल खेलूंगा।"
कपिल देव ने आगे कहा, "कभी-कभार आपको ऐसी चीजें सरकार के फैसलों पर छोड़ देनी चाहिए। अगर मैं होता तो मैं सरकार की पॉलिसी का पालन करता न की अपनी पॉलिसी का। सरकार की पॉलिसी मेरी सोच से कहीं ज्यादा मायने रखती है। मेरे सोचने से कोई फर्क नहीं पड़ता है, क्योंकि देश सबसे पहले आता है।"