इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट का मानना है कि अगर उनकी टीम को आगामी वनडे विश्व कप में चुनौती पेश करनी है, तो उन्हें अलग-अलग खेल परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालना होगा और अनुभव हासिल करना होगा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज इस युवा टीम के लिए खुद को और बेहतर बनाने का एक और मौका है।
पहले वनडे से पहले बात करते हुए रूट ने अलग-अलग तरह की पिचों और मैच की स्थितियों को संभालने की अहमियत पर जोर दिया, क्योंकि इंग्लैंड एक अधिक संतुलित टीम तैयार करने की कोशिश कर रहा है। बुधवार को पर्थ में पत्रकारों से बात करते हुए रूट ने कहा, "हम एक ऐसी टीम बनना चाहते हैं जो परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढाल सके। अगर हमें विश्व कप में चुनौती देनी है, तो हमें अपने खेल को परिस्थितियों के अनुसार बदलना होगा। हमारी टीम काफी युवा है और कई मामलों में अनुभवहीन है। इसलिए, हमें अलग-अलग पिचों और मैच की अलग-अलग स्थितियों में जितना ज्यादा अनुभव मिलेगा, हम उतना ही सीखेंगे, आगे बढ़ेंगे और एक बेहतर, संतुलित टीम बनेंगे।"
रूट ने आगे कहा, "हम पाकिस्तान से आए हैं। हमने वहां बहुत कुछ सीखा है। इस सीरीज के दौरान हमें बिल्कुल स्पष्ट रहना होगा कि हम इन तीन मैचों से कैसे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकाल सकते हैं। यही हमारे लिए चुनौती है।" इंग्लैंड पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ एक ट्राई-सीरीज खेलकर ऑस्ट्रेलिया पहुंचा है, जिसमें टीम को चार ग्रुप मैचों मे सिर्फ एक में ही जीत मिली थी। हालांकि, रूट ने टीम के युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया। उन्होंने उनके टैलेंट और ऊर्जा की तारीफ की और उम्मीद जताई कि वह ऑस्ट्रेलिया की परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाएंगे। अपने युवा साथियों के बारे में रूट ने कहा, "वह बहुत शानदार हैं। उनमें बहुत ऊर्जा और बहुत टैलेंट है। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और उनके पास बेहतरीन कौशल है।"