भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा वनडे मुकाबला रविवार को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा। इस मुकाबले में खासतौर पर रोहित शर्मा के प्रदर्शन पर हर किसी की निगाहें होंगी। हालांकि, रोहित को यह मैदान 50 ओवर के फॉर्मेट में कुछ खास रास नहीं आता है।
रोहित ने लॉर्ड्स में अब तक सिर्फ 2 ही वनडे मुकाबले खेले हैं। इस दौरान एक मैच में वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे हैं, तो एक अन्य मुकाबले में सिर्फ 15 रन ही बना सके हैं। तीनों फॉर्मेट को मिलाकर रोहित ने इस मैदान पर कुल 5 मैच खेले हैं और इस दौरान उनके बल्ले से 22 की मामूली औसत से 133 रन आए हैं।
शुरुआती दो वनडे मुकाबलो में फ्लॉप रहने के बाद रोहित के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। कुछ रिपोर्ट्स में ऐसा भी दावा किया गया कि रोहित अपने करियर का आखिरी वनडे लॉर्ड्स में खेलने वाले हैं और इस सीरीज के बाद सिलेक्टर्स उन्हें एकदिवसीय टीम में नहीं रखना चाहते हैं।