साल 2025 में सफलता की नई कहानी लिखने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने नए साल की शुरुआत उज्जैन स्थित भगवान महाकाल के दर्शन के साथ की है। गुरुवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम के सदस्यों ने महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में भगवान शिव का दर्शन किया और सुबह की भस्म आरती में हिस्सा लिया।
महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने वाली खिलाड़ियों में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, स्नेह राणा, राधा यादव और अरुंधति रेड्डी शामिल थीं। विश्व कप 2025 में चैंपियन बनने वाली भारतीय टीम के सदस्यों ने नए साल की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करने के लिए भगवान शिव से आशीर्वाद मांगा।
सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने अपने सोशल मीडिया पेज एक्स पर महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग दर्शन की तस्वीरें साझा की हैं। साथ ही अपने फैंस को नए साल की शुभकामनाएं दी हैं। तस्वीरों में शेफाली वर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर और स्नेह राणा के साथ पारंपरिक कपड़ों में नजर आ रही हैं।