चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के शुरुआती 2 हफ्तों से बाहर हो गए हैं। इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने 5 बार की चैंपियन टीम के लिए अपनी सबसे मजबूत प्लेइंग इलेवन चुनी है, जिसमें 'इम्पैक्ट प्लेयर' के विकल्प भी शामिल हैं।
आईपीएल 2026 की शुरुआत शनिवार से होने जा रही है। सीएसके 30 मार्च से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। फ्रेंचाइजी ने बताया है कि धोनी अभी पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव के लिए रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं, जिसके चलते उनके आईपीएल 2026 के पहले दो हफ्तों से बाहर रहने की आशंका है।
रविचंद्रन अश्विन ने विकेटकीपर के तौर पर संजू सैमसन को चुना है। वह कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पारी की शुरुआत भी करेंगे। सीएसके के इस पूर्व खिलाड़ी ने अगले तीन स्थानों पर तीन आक्रामक बल्लेबाजों को रखा है। इनमें नंबर 3 पर उर्विल पटेल, नंबर 4 पर बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस और उसके बाद नंबर 5 पर भारत के टी20 विश्व कप 2026 के ऑलराउंडर शिवम दुबे शामिल हैं।