New Chandigarh: पंजाब किंग्स के सहायक कोच ब्रैड हैडिन ने कप्तान श्रेयस अय्यर की इंजरी को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। हैडिन ने बताया है कि अय्यर की कलाई में फ्रैक्चर नहीं है। हालांकि, उन्होंने कहा कि अय्यर की कलाई में अभी थोड़ी सूजन जरूर है। कोच ने उम्मीद जताई है कि वे चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 3 अप्रैल को होने वाले मुकाबले में खेलते हुए नजर आएंगे।
'क्रिकबज' के अनुसार, सहायक कोच ने बताया कि फ्रैक्चर न होने की वजह से अय्यर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए मैदान पर उतर सकते हैं। दरअसल, गुजरात टाइटंस के खिलाफ मंगलवार को खेले गए मुकाबले के दौरान अय्यर बुरी तरह से चोटिल हो गए थे। गुजरात से मिले 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करते अय्यर को बल्लेबाजी के दौरान यह चोट लगी।
अय्यर नॉन स्ट्राइकर पर खड़े थे, तभी कूपर कोनोली का एक शॉट सीधा उनकी कलाई पर आकर लगा। कोनोली का शॉट इतना जोरदार था कि अय्यर बुरी तरह से दर्द से कराहते हुए नजर आए थे। हालांकि, मैदान पर चले इलाज के बाद अय्यर ने दोबारा बल्लेबाजी की थी, लेकिन वह अगली ही गेंद पर 18 रन बनाकर आउट हो गए थे।