एतिहाद एरिना में मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के लिए मिनी ऑक्शन में सभी 10 टीमों ने सभी 77 खाली स्लॉट भर लिए, जिसके लिए उन्होंने कुल 215.45 करोड़ रुपए खर्च किए। इस ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (63.85 करोड़ रुपए) ने सबसे ज्यादा रकम खर्च की, जबकि मुंबई इंडियंस (2.20 करोड़ रुपए) ने सबसे कम खर्चा किया।
चेन्नई सुपर किंग्स ने इस ऑक्शन में 41 करोड रुपए खर्च किए। इस टीम ने प्रशांत वीर (14.20 करोड़ रुपए) और कार्तिक शर्मा (14.20 करोड़ रुपए) जैसे अनकैप्ड खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ा। इनके अलावा सरफराज खान (75 लाख रुपए), मैथ्यू शॉर्ट (1.50 करोड़ रुपए), अमन खान (40 लाख रुपए), जैक एडवर्ड्स (1.60 करोड़ रुपए), जैक फॉल्क्स (75 लाख रुपए), अकील होसेन (2 करोड़ रुपए), राहुल चाहर (5.2 करोड़ रुपए) और मैट हेनरी (2 करोड़ रुपए) को टीम में शामिल किया। इस टीम के पर्स में 2.40 करोड़ रुपए बचे।
दिल्ली कैपिटल्स ने इस मिनी ऑक्शन में 21.45 करोड़ रुपए खर्च किए। दिल्ली ने डेविड मिलर (2 करोड़ रुपए), बेन डकेट (2 करोड़ रुपए), औकिब नबी (8.40 करोड़ रुपए), पथुम निसांका (4 करोड़ रुपए), साहिल पारख (30 लाख रुपए), लुंगी एनगिडी (2 करोड़ रुपए), काइल जैमीसन (2 करोड़ रुपए) और पृथ्वी शॉ (75 लाख रुपए) को अपने साथ शामिल किया है। टीम ने 35 लाख रुपए अपने पर्स में बचाए।