New Chandigarh: गुजरात टाइटंस ने मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स को जीत के लिए 163 रन का टारगेट दिया है।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए। इस टीम को साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल की जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 3.4 ओवरों में 37 रन की साझेदारी की। सुदर्शन 11 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
इसके बाद गिल ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 46 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। कप्तान 27 गेंदों में 6 छक्कों के साथ 39 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद बटलर ने ग्लेन फिलिप्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 36 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचाया। बटलर ने 33 गेंदों में 38 रन टीम के खाते में जोड़े। इनके अलावा, ग्लेन फिलिप्स ने 25 रन और वाशिंगटन सुंदर ने 18 रन का योगदान दिया। पारी के अंतिम ओवर में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कुल 11 बॉल फेंकी। इस दौरान 4 वाइड और 1 नो-बॉल शामिल थी। इस पूरे ओवर में अर्शदीप ने 12 रन लुटाए।