बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के फाइनल की मेजबानी का अधिकार छिन गया है। इस सीजन का फाइनल 31 मई को बेंगलुरु में खेला जाना था, लेकिन अब यह अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होगा। स्थानीय अधिकारियों और स्टेकहोल्डर्स की तरफ से लगातार आ रही विवादित मांगों और इंतजामों से जुड़ी चिंताओं के चलते यह फैसला लिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, आईपीएल अधिकारी कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) के लगातार संपर्क में थे, लेकिन बातचीत इसलिए नहीं बन सकी, क्योंकि केएससीए की कुछ मांगें 'बहुत ज्यादा और नामंजूर करने लायक' मानी गईं। इनमें सदस्यों और नेताओं के लिए पास की मांग भी शामिल थी।
टिकटों की कालाबाजारी की खबरों ने स्थिति को और जटिल बना दिया, जिससे आयोजन की पारदर्शिता और व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए। इसी के बाद टूर्नामेंट के सबसे बड़े मुकाबले को अहमदाबाद शिफ्ट करने का फैसला लिया गया, ताकि आयोजन बेहतर तरीके से हो सके और व्यवस्थाओं पर कड़ा नियंत्रण रखा जा सके।