आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। गुरुवार की शाम इकाना स्टेडियम में आरसीबी को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ डीएलएस नियम के तहत 9 रन से हार का सामना करना पड़ा। मैच के बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा कि हम एक या दो शॉट पीछे रह गए।
रजत पाटीदार ने कहा, "हमें पता था कि लक्ष्य कैसे हासिल करना है। लड़कों ने अच्छा खेला। सभी बल्लेबाजों ने अच्छा इंटेंट दिखाया। यह बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी पिच थी। गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही थी। हम अंत तक गए, बस एक या दो शॉट पीछे रह गए। हमारे पास चार और मैच हैं। हम मैच दर मैच लक्ष्य बनाकर चलेंगे।"
एलएसजी के लिए शतक लगाने वाले मिशेल मार्श के बारे में पाटीदार ने कहा, "वह बहुत बढ़िया खेले। उन्होंने हम पर दबाव बनाया, खासकर पावरप्ले में। मार्श की पारी बेहतरीन थी। मैं संशय में था कि पावरप्ले के बाद उनके सामने किसे गेंदबाजी दूं।"