New Chandigarh: आईपीएल 2026 के सातवें मुकाबले में एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की भिड़ंत पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के साथ हो रही है। पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। पंजाब ने अपने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, सीएसके की तरफ से प्रशांत वीर डेब्यू कर रहे हैं।
टॉस जीतने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि पिच काफी ताजी नजर आ रही है और इसी कारण वह पहले गेंदबाजी करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी कलाई की चोट से उबर चुके हैं और पूरी तरह से फिट हैं। पंजाब किंग्स इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत दर्ज करने वाली टीम के साथ ही मैदान पर उतरी है।
टॉस हारने के बाद सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा, "पिच थोड़ी सूखी लग रही है। मुझे नहीं लगता कि इसमें बहुत ज्यादा बदलाव आएगा। अभी अप्रैल की शुरुआत है, इसलिए ओस का कोई असर नहीं पड़ना चाहिए। बोर्ड पर अच्छा स्कोर बनाना और उसे डिफेंड करना सही रहेगा। पिछले सीजन में हमारा समय थोड़ा मुश्किल रहा था। कुछ गलतियां और चूक हुई थीं, जो टी20 गेम में हो सकती हैं। हालांकि, वह सब अब पुरानी बात हो गई है। अब हर मैच पर अलग से ध्यान देना है और एक-एक करके आगे बढ़ना है। सीएसके फ्रेंचाइजी के लिए यही सबसे अहम बात रही है—एक मजबूत टॉप ऑर्डर और ओपनर्स द्वारा अच्छी शुरुआत। इसी वजह से मैंने संजू सैमसन के साथ पार्टनरशिप की है। टीम में एक बदलाव है। मैथ्यू शॉर्ट की जगह प्रशांत वीर खेल रहे हैं।"