New Delhi: इंडियन प्रीमियर लीग (2026) में सोमवार को सीजन-1 की विजेता राजस्थान रॉयल्स (आरआर) का सामना पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से होगा। यह मुकाबला बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें दोनों ही टीमें जीत के साथ अपना अभियान शुरू करना चाहेंगी।
इस मुकाबले में संजू सैमसन पर सभी की निगाहें होंगी, जो उस टीम के विरुद्ध खेलने उतरेंगे, जिसकी कप्तानी कर चुके हैं। उनकी कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स साल 2022 में फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन आज ये खिलाड़ी सीएसके की जर्सी में है। संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की खिताबी जीत के हीरो रहे थे। उन्होंने वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार तीन मुकाबलों में अर्धशतक जड़े थे। दूसरी ओर, ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा अपनी पुरानी टीम के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते नजर आने वाले हैं।
पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से महेंद्र सिंह धोनी कम से कम दो हफ्तों तक टीम से बाहर हैं। इससे सैमसन और गायकवाड़ पर अतिरिक्त जिम्मेदारी बढ़ती है।