Royal Challengers Bengaluru: आईपीएल 2026 में अपने खिताब का बचाव करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की शुरुआत इस सीजन शानदार रही है। 36 वर्षीय अनुभवी तेज गेंदबाज आरसीबी के लिए पिछले सीजन की तरह ही इस बार भी ट्रंप कार्ड साबित हो रहा है। यह गेंदबाज कोई और नहीं, बल्कि भुवनेश्वर कुमार हैं।
आईपीएल 2026 में भुवनेश्वर कुमार ने अपनी शानदार गेंदबाजी से हर किसी को खासा प्रभावित किया है। भुवनेश्वर इस सीजन खेले 6 मुकाबलों में 10 विकेट निकाल चुके हैं। आरसीबी की तरफ से इस सीजन खेलते हुए भुवनेश्वर ने न सिर्फ विकेट निकाले हैं, बल्कि वह काफी किफायती भी रहे हैं। उन्होंने 8.33 की इकोनॉमी से रन दिए हैं। सबसे अहम बात यह है कि 36 वर्षीय भुवनेश्वर पावरप्ले और अंतिम ओवर्स दोनों में ही लगातार अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन में जोश हेजलवुड आरसीबी की तरफ से खेलते हुए अभी लय में दिखाई नहीं दिए हैं, लेकिन भुवनेश्वर कुमार की सफलता ने उनकी नाकाम को भी अब तक बखूबी छुपाकर रखा है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भुवनेश्वर ने पावरप्ले में ही 3 विकेट निकाले थे। भले ही भुवनेश्वर की उम्र बढ़ रही हो, लेकिन वह अपनी शानदार गेंदबाजी से युवा गेंदबाजों को पूरी टक्कर दे रहे हैं।