इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की शुरुआत 28 मार्च से होगी, जिससे पहले तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने विदर्भ के लंबे कद के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ दुबे को अपने साथ जोड़ा है। दुबे को चोटिल भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप के स्थान पर मौका दिया गया है, जो पीठ के निचले हिस्से में 'स्ट्रेस रिएक्शन' के कारण इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।
शिवम दुबे को 2016 की चैंपियन टीम सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने आईपीएल 2022 के लिए साइन किया था, लेकिन पीठ की चोट के कारण उनका कार्यकाल छोटा हो गया। रविवार को 'आईएएनएस' से बात करते हुए फ्रेंचाइजी के एक अधिकारी ने कहा, "हां, केकेआर ने आगामी सीजन के लिए आकाश दीप की जगह सौरभ दुबे को साइन किया है। दुबे केकेआर के लिए 'नेट बॉलर' थे और ईडन गार्डन्स और मुंबई में लगे कैंप में टीम के साथ अभ्यास कर रहे थे, लेकिन अब वह मुख्य टीम का हिस्सा होंगे।"
साल 2019 के एसीसी इमर्जिंग टीम्स एशिया कप में 'इंडिया ए' टीम का हिस्सा रहे सौरभ दुबे ने विदर्भ की ओर से आठ 'लिस्ट ए' और तीन टी20 मैच खेले हैं। दुबे पर भारत के पूर्व तेज गेंदबाज सुब्रतो बनर्जी की भी नजर थी, जिनका राष्ट्रीय चयनकर्ता के तौर पर कार्यकाल पिछले साल ही समाप्त हुआ था।