Chennai: Chennai Super Kings vs Mumbai Indians (Image Source: IANS)
Chennai Super Kings: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को एक और झटका लगा है। ऑलराउंडर रामकृष्ण घोष दाहिने पैर में फ्रैक्चर के कारण शेष सीजन से बाहर हो गए हैं। घोष 2 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ चोटिल हुए थे, जो उनका आईपीएल डेब्यू मैच था।
28 वर्षीय रामकृष्ण घोष ने इस मुकाबले के दौरान विल जैक्स को आउट करने के लिए एक शानदार डाइव लगाते हुए कैच पकड़कर अपनी छाप छोड़ी थी। हालांकि, नमन धीर को गेंदबाजी करते समय फॉलो-थ्रू में गिरने के बाद वह तकलीफ में नजर आए थे। इस मुकाबले में उन्होंने 24 रन देकर 1 विकेट हासिल किया था।
चेन्नई सुपर किंग्स ने एक बयान में कहा, "चेपॉक में सीएसके बनाम एमआई मैच के दौरान रामकृष्ण घोष के दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया। वह अब आईपीएल 2026 में आगे हिस्सा नहीं ले पाएंगे। जल्दी ठीक हो जाओ, रैम्बो।"