आईपीएल 2026 में गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (एमआई) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की टीमें आमने-सामने थीं। सीएसके ने दमदार प्रदर्शन किया और मुंबई को उसके घर में 103 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने इस जीत को टीम के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी को समर्पित किया।
मैच के बाद गायकवाड़ ने कहा, "मुकेश के लिए यह काफी मुश्किल था। मैं यह जीत उन्हें समर्पित करूंगा। उस बुरी स्थिति से बाहर आने के लिए, मानसिक रूप से बहुत मेहनत करनी पड़ती है। वह टीम के लिए वापस आए। उन्हें पता था कि हमें उनकी जरूरत है। हमने पहले भी बात की थी। हम मैच जीतना चाहते थे और खुशी है कि सभी ने मदद की और उनके लिए वहां मौजूद रहना चाहते थे।"
मुकेश चौधरी की मां का निधन मंगलवार को हो गया था। इस घटना के बाद वह घर लौटे थे, लेकिन मुंबई के खिलाफ मैच से पहले टीम से जुड़े और शानदार गेंदबाजी करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मुकेश ने 4 ओवर में 31 रन देकर 1 विकेट लिए। मैच के दौरान सीएसके के खिलाड़ी मुकेश चौधरी की मां के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए अपने बाएं हाथ पर काली पट्टी बांध कर उतरे थे।