Royal Challengers Bengaluru: आईपीएल 2026 के 26वें मुकाबले में शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में मिली हार के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने माना कि टीम के बल्लेबाजों ने 15 से 20 रन कम बनाए, जिसका खामियाजा आरसीबी को भुगतना पड़ा।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली हार के बाद रजत ने कहा, "मुकाबला बहुत करीबी था, लेकिन मुझे लगता है कि हमने 15 से 20 रन कम बनाए। विराट और साल्ट ने हमें अच्छी शुरुआत दी थी, लेकिन 12-13 ओवरों के बाद हमने कुछ ही ओवरों में लगातार विकेट गंवा दिए, जिससे हम थोड़ा पिछड़ गए। मुझे लगता है कि पहली पारी में पिच थोड़ी मुश्किल थी। हालांकि, हमने जिस तरह से अंतिम ओवरों में लड़ाई लड़ी, वह हमारे लिए एक सकारात्मक संकेत है। मैंने अभी-अभी गेंदबाजों से बात की थी कि आप जो भी करें, उसमें पूरी तरह स्पष्ट रहें। यह एक लंबा टूर्नामेंट है, लेकिन मुझे लगता है कि हम वापस जाकर अपनी गलतियों का विश्लेषण करेंगे और उन्हें सुधारेंगे।"
वहीं, दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल के पूरी तरह से फिट न होने के कारण मैच प्रेजेंटेशन में कार्यवाहक कप्तान के तौर पर पहुंचे केएल राहुल ने टीम के प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने कहा, "शुरुआत में विकेट थोड़ा मुश्किल था। मैं देख सकता था कि विराट और फिल साल्ट इस बात से खुश नहीं थे कि गेंद किस तरह से बल्ले पर आ रही थी। पहले छह ओवरों में हमारे तीन विकेट गिरने से चीजें आसान नहीं रहीं। हालांकि, मुझे लगता है कि कुल मिलाकर यह एक बहुत ही अच्छा क्रिकेट मैच था।"