आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले ही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को एक और बड़ा झटका लगा है। क्रिकबज की खबर के अनुसार, आकाश दीप आगामी सीजन से बाहर हो गए हैं। आकाश की जगह पर केकेआर ने सौरभ दुबे को टीम में शामिल किया है। सौरभ इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद टीम का हिस्सा रह चुके हैं।
आईपीएल 2022 के ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने सौरभ दुबे को 20 लाख में खरीदा था। हालांकि, सौरभ को आईपीएल में डेब्यू करने का मौका नहीं मिल सका था। आईपीएल 2026 के ऑक्शन में सौरभ ने अपना बेस प्राइस 30 लाख रखा था, लेकिन उन्हें खरीदने में किसी भी टीम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। क्रिकबज के मुताबिक, सौरभ पहले से ही केकेआर टीम के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ घरेलू क्रिकेट में विदर्भ की ओर से खेलते हैं।
सौरभ ने अब तक लिस्ट-ए क्रिकेट में 8 मुकाबले खेले हैं और 16 विकेट चटकाए हैं। वहीं, वह 3 टी20 मैच भी खेल चुके हैं। साल 2019 में खेले गए एसीसी इमर्जिंग एशिया कप में दुबे भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे। लिस्ट-ए क्रिकेट के अपने डेब्यू मुकाबले में सौरभ ने नेपाल के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 26 रन देकर चार विकेट निकाले थे और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 7 विकेट झटके थे।