आयरलैंड की पुरुष क्रिकेट टीम जनवरी 2027 में पहली बार पाकिस्तान का दौरा करेगी। क्रिकेट आयरलैंड ने फरवरी में होने वाले आईसीसी वर्ल्ड कप 2027 क्वालीफायर की तैयारियों के तहत पाकिस्तान में छह मैचों की वनडे सीरीज खेलने की घोषणा की है।
13 से 24 जनवरी तक चलने वाले इस दौरे में आयरलैंड की टीम पाकिस्तान 'ए' (जिसे 'शाहीन' के नाम से जाना जाता है) के खिलाफ 50 ओवर के तीन मैच खेलेगी। इसके बाद वह पाकिस्तान की सीनियर पुरुष टीम के खिलाफ तीन वनडे मैच खेलेगी। ये सभी छह मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले जाएंगे।
आयरलैंड की टीम सीरीज शुरू होने से पहले 9 जनवरी को पाकिस्तान पहुंचेगी। इससे टीम को साउथ अफ्रीका और नामीबिया में होने वाले महत्वपूर्ण वर्ल्ड कप क्वालीफायर से पहले अच्छी मैच प्रैक्टिस मिल सकेगी। आयरलैंड की पुरुष क्रिकेट टीम के लिए यह दौरा एक ऐतिहासिक मौका है, लेकिन यह पहली बार नहीं है जब आयरलैंड की कोई क्रिकेट टीम पाकिस्तान का दौरा कर रही है। इससे पहले 2022 में आयरलैंड की महिला टीम ने पाकिस्तान का दौरा किया था और उस दौरान उसने टी20 सीरीज भी जीती थी।