'सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (स्मैट)- 2026' में कर्नाटक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ौदा को 8 विकेट से हराया। वहीं, हरियाणा ने रोमांचक मुकाबले में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ 2 विकेट से जीत दर्ज की।
कर्नाटक बनाम बड़ौदा: ग्रुप ए के मुकाबले में बड़ौदा के बल्लेबाजों ने कर्नाटक के गेंदबाजों के आगे आसानी से घुटने टेक दिए और पूरी टीम सिर्फ 118 रन बनाकर सिमट गई। टीम की ओर से ध्रुव पटेल ने सर्वाधिक 33 रन बनाए, जबकि शाश्वत रावत ने 27 गेंदों में 31 रनों का योगदान दिया। कर्नाटक की ओर से गेंदबाजी में श्रीशा आचार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर चार विकेट चटकाए। वहीं, विद्वथ कावेरप्पा ने 28 रन देकर 4 विकेट झटके।
कर्नाटक ने 119 रनों के लक्ष्य को 16.1 ओवर में महज 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। रोहन पाटिल ने 42 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 48 रन बनाए। वहीं, कृष्णन श्रीजीत ने 33 रनों की अहम पारी खेली। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 58 गेंदों में 61 रन जोड़े और टीम को अच्छी शुरुआत दी। इसके बाद नंबर तीन पर उतरे करुण नायर 30 और कप्तान स्मरण रविचंद्रन 6 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाकर लौटे।