भारत ने रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए विमेंस एशिया कप 2026 के खिताबी मैच में श्रीलंका को 72 रन से मात दी, लेकिन एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन के हाथों ट्रॉफी नहीं ली। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया है कि पहले ही तय कर लिया गया था कि नकवी के हाथों ट्रॉफी नहीं ली जाएगी।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम के एसीसी चेयरमैन मोहसिन नकवी से महिला एशिया कप ट्रॉफी न लेने पर बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने 'आईएएनएस' से कहा, "ट्रॉफी को लेकर हमने आपस में बात करके पहले ही तय कर लिया था कि हम उसे उनके हाथों से नहीं लेंगे। इस पर किसी ने कोई आपत्ति नहीं जताई और हमने अपनी टीम को भी इसकी जानकारी दे दी थी। इसके बाद उन्होंने जिन लोगों को पुरस्कार देना था, उन्हें देकर कार्यक्रम पूरा किया और वहां से चले गए। इस दौरान कोई मनमुटाव, झगड़ा या टकराव नहीं हुआ।"
खिताबी मैच के दौरान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया और एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी साथ में नजर आए थे।