ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने से ठीक पहले साउथ अफ्रीका को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज क्वेना माफाका दाहिने हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं।
माफाका की जगह पर अनुभवी तेज गेंदबाज लिजाड विलियम्स को साउथ अफ्रीका के वनडे स्क्वॉड में शामिल किया गया है। क्रिकेट साउथ अफ्रीका (सीएसए) ने बुधवार को एक बयान में कहा, "सीरीज की तैयारी के दौरान ट्रेनिंग के समय तेज गेंदबाज माफाका को चोट लगी और चोट की गंभीरता का पता लगाने के लिए उनकी जांच की जाएगी। बोलैंड के तेज गेंदबाज लिाड विलियम्स को उनकी जगह चुना गया है और वे आज ही टीम से जुड़ेंगे।"
माफाका उन प्रमुख तेज गेंदबाजों की बढ़ती सूची में शामिल हो गए हैं जो हैमस्ट्रिंग की चोटों के कारण बाहर हो गए हैं। इस सूची में कागिसो रबाडा, ओटनिल बार्टमैन और लुंगी एनगिडी जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं। रबाडा इस सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं थे। वहीं, बार्टमैन और एनगिडी शुरुआती 16 सदस्यीय टीम की घोषणा के बाद चोटिल हो गए।