भारत के पूर्व गेंदबाज लक्ष्मीपति बालाजी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के टॉप ऑर्डर में विदेशी बल्लेबाजों पर बहुत ज्यादा निर्भर होने को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि भारतीय बल्लेबाज आयुष बदोनी, अब्दुल समद और कप्तान ऋषभ पंत इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन में टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन आईपीएल 2025 में निराशाजनक रहा था। ऋषभ पंत की कप्तानी में टीम सातवें पायदान पर रही थी। लखनऊ ने 14 में से सिर्फ 6 मुकाबलों में जीत दर्ज की थी, जबकि 8 मुकाबलों में टीम को हार झेलनी पड़ी थी, हालांकि लखनऊ ने मिनी ऑक्शन के दौरान अपनी टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है।
लखनऊ ने अर्जुन तेंदुलकर को मुंबई इंडियंस से ट्रेड करते हुए टीम में शामिल किया है। वहीं विदेशी खिलाड़ी के तौर पर लखनऊ ने जोश इंग्लिस और मैथ्यू ब्रीत्जके को ऑक्शन में खरीदा है।