सर डॉन ब्रैडमैन... क्रिकेट की दुनिया का वो नाम, जिनके आगे रिकॉर्ड्स कम पड़ जाते हैं। 22 गज की पिच पर ब्रैडमैन ने वो सब कुछ हासिल किया, जिसका एक बल्लेबाज सपना देखता है। शतक और दोहरा शतक लगाना मानो ब्रैडमैन के बाएं हाथ का खेल हो। ब्रैडमैन का टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी औसत 99.94 का रहा।
बचपन में डॉन ब्रैडमैन टेनिस के दीवाने थे। वह इस खेल में काफी अच्छा कर रहे थे। हालांकि, 10 साल की उम्र में ब्रैडमैन के पिता उन्हें पहली बार सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर लेकर गए, और इसके बाद तो मानो ब्रैडमैन को क्रिकेट के खेल से मोहब्बत सी हो गई।
डॉन ब्रैडमैन ने बचपन से ही अपनी बल्लेबाजी पर काम करना शुरू कर दिया था। महज 20 साल की उम्र में उन्होंने 5 दिसंबर 1928 को इंग्लैंड के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना डेब्यू किया। करियर के पहले मैच में ब्रैडमैन कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और पहली पारी में 18 और दूसरी में महज एक रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, विश्व क्रिकेट को शायद इसकी भनक भी नहीं थी कि यह तूफान से पहले की शांति है।