दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय और सफल फुटबॉलरों में से एक और अर्जेंटीना को अपनी कप्तानी में फीफा विश्व कप जिताने वाले लियोनल मेसी का भारत दौरा कंफर्म हो गया है।
लियोनेल मेसी 'गोट टूर ऑफ इंडिया 2025' के तहत 13 से 15 दिसंबर तक भारत दौरे पर रहेंगे। मेसी के टूर इवेंट मैनेजर ने कार्यक्रम की पुष्टि कर दी है।
तीन दिवसीय दौरे (13-15 दिसंबर) के दौरान मेसी के कार्यक्रम कोलकाता, मुंबई और नई दिल्ली में होंगे। चौथे शहर की घोषणा जल्द ही की जाएगी। मेसी से जुड़े कार्यक्रम साल्ट लेक स्टेडियम (कोलकाता), वानखेड़े स्टेडियम (मुंबई), अरुण जेटली स्टेडियम (नई दिल्ली) में होंगे। कोलकाता में एक प्रतिमा अनावरण और एक नई धर्मार्थ पहल का शुभारंभ जैसे समारोह भी शामिल हैं। कार्यक्रम के टिकट विशेष रूप से डिस्ट्रिक्ट ऐप के माध्यम से उपलब्ध होंगे। दौरे के दौरान मेसी का पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और दिल्ली के स्थानीय खेल एवं मनोरंजन जगत की हस्तियों, गणमान्य व्यक्तियों और राज्य के नेताओं से भी मिलने का कार्यक्रम है।