पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में शनिवार को जब मोहित उल्वा 10वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, तो भारत को जीत के लिए 8.3 ओवर में 86 रन की दरकार थी। यह लक्ष्य बेहद मुश्किल लग रहा था, कुछ फैंस भारत की हार को स्वीकार कर चुके थे, लेकिन अभी मोहित उल्वा का जलवा देखना बाकी था।
अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 2) पर टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पाकिस्तानी टीम ने सलामी बल्लेबाज उस्मान खान (107) के शतक की मदद से 9 विकेट खोकर 337 रन बनाए थे। भारत की तरफ से काव्य पटेल ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके, जबकि चिगुरुपति वेंकट ने 3 विकेट चटकाए।
इसके जवाब में भारत ने अंतिम गेंद पर जीत हासिल की। टीम इंडिया के लिए कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 101 गेंदों में 5 चौकों के साथ 80 रन बनाए, जबकि आर्यवीर सहवाग ने 58 रन की पारी खेली। मनल चौहान ने 47 रन का योगदान टीम के खाते में दिया और मोहित 26 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 49 रन बनाकर नाबाद रहे।