ऋषभ पंत की कप्तानी में रेस्ट ऑफ इंडिया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ईरानी कप के खिताब को अपने नाम किया। शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में 279 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जम्मू-कश्मीर की पूरी टीम दूसरी पारी में सिर्फ 111 रन बनाकर ऑलआउट हुई और रेस्ट ऑफ इंडिया ने इस मुकाबले को 167 रनों से जीता।
चौथे दिन रेस्ट ऑफ इंडिया के गेंदबाजों ने मुकेश कुमार की अगुवाई में शानदार प्रदर्शन किया। जम्मू-कश्मीर को कमरान इकबाल और शुभम खजूरिया ने दूसरी पारी में सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 54 रन जोड़े। हालांकि, कमरान 32 रन बनाने के बाद आकाशदीप की एक गेंद पर विकेटों के सामने पाए गए। शुभम भी 36 रन बनाने के बाद आकाशदीप का शिकार बने।
दोनों सलामी बल्लेबाजों के पवेलियन लौटने के बाद जम्मू-कश्मीर का बल्लेबाजी क्रम बुरी तरह से लड़खड़ा गया। पहली पारी में अर्धशतक लगाने वाले कप्तान पारस डोगरा दूसरी इनिंग में बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। वहीं, अब्दुल समद सिर्फ 20 रन ही बना सके। विकेटकीपर बल्लेबाज कन्हैया वधवान 2 रन ही बना सके। साहिल लोत्रा भी जीरो पर आउट हुए। नासिर मुजफ्फर एक रन ही बना सके, तो आबिद मुश्ताक 5 रन बनाकर आउट हुए। उमर नजीर मीर और सुनील कुमार बिना खाता खोले आउट हुए।