नवजोत सिंह सिद्धू एक ऐसी शख्सियत हैं, जिन्होंने हर उस क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की, जिसमें उन्होंने अपनी किस्मत आजमाने का फैसला किया। क्रिकेट के मैदान से होते हुए सिद्धू की यात्रा राजनीति और मनोरंजन के क्षेत्र में पहुंची। इन दोनों क्षेत्रों में आने के बाद सिद्धू का व्यक्तित्व और निखरा और उनके बेबाक अंदाज ने उनकी लोकप्रियता और दबदबे को पहले से ज्यादा बढ़ाया।
20 अक्टूबर 1963 को पंजाब के पटियाला में जन्मे सिद्धू का पहला प्यार क्रिकेट था। वह टॉप ऑर्डर के आक्रामक बल्लेबाज थे।
1981-82 में पंजाब के लिए डेब्यू करने वाले सिद्धू ने एक साल बाद ही 12 नवंबर 1983 को वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया। 1987 में उन्होंने वनडे फॉर्मेट में डेब्यू किया। कई बार टीम से अंदर-बाहर हुए सिद्धू का अंतरराष्ट्रीय करियर जनवरी 1999 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट खेलने के साथ समाप्त हुआ। दिसंबर 1999 में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी।