बीसीसीआई की जूनियर पुरुष चयन समिति में दिख सकते हैं नए चेहरे, रमेश पोवार-आशीष जैदी की एंट्री के संकेत (बीसीसीआई की जूनियर पुरुष चयन समिति में दिख सकते हैं नए चेहरे, रमेश पोवार-आशीष जैदी की एंट्री के संकेत)
भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रमेश पोवार और उत्तर प्रदेश के अनुभवी तेज गेंदबाज आशीष विंस्टन जैदी राष्ट्रीय जूनियर पुरुष चयन समिति में शामिल हो सकते हैं। 24 अगस्त को बीसीसीआई ने इस समिति में पांच पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 5 सितंबर थी।
एक तरफ भारत की अंडर-19 पुरुष टीम राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ वनडे सीरीज खेल रही है। वहीं, दूसरी ओर अगली जूनियर चयन समिति बनाने की प्रक्रिया भी तेजी पकड़ रही है।
नई समिति, तमिलनाडु के पूर्व क्रिकेटर एस. शरथ की अध्यक्षता वाली मौजूदा समिति की जगह लेगी। मौजूदा समिति में राणादेब बोस (ईस्ट जोन), हरविंदर सिंह सोढ़ी (नॉर्थ जोन), पथिक पटेल (वेस्ट जोन) और कृष्ण मोहन (सेंट्रल जोन) शामिल हैं।