New Zealand vs Bangladesh: न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम अप्रैल में बांग्लादेश के दौरे पर जाएगी। इस दौरे पर कीवी तीन वनडे और 3 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों की सीरीज खेलेगी। आईपीएल और पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में हिस्सा लेने के चलते न्यूजीलैंड के कई अहम खिलाड़ी इस सीरीज को मिस कर सकते हैं।
न्यूजीलैंड बांग्लादेश दौरे के लिए अपनी बी टीम भेज सकती है। कीवी टीम ढाका में 13 अप्रैल को पहुंचेगी। वनडे सीरीज की शुरुआत 17 अप्रैल से होगी। सीरीज का दूसरा मुकाबला 20 अप्रैल को खेला जाएगा। पहले दो वनडे मैचों की मेजबानी ढाका का शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम करेगा। वहीं, सीरीज का तीसरा मैच खेलने के लिए दोनों टीमें चटगांव जाएंगी, जो 23 अप्रैल को खेला जाएगा।
ढाका और चटगांव में इस समय मौसम खराब रहने की ज्यादा आशंका रहती है। न्यूजीलैंड ने आखिरी बार साल 2023 में बांग्लादेश की सरजमीं पर वनडे सीरीज खेली थी। तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज को न्यूजीलैंड ने 2-0 से अपने नाम किया था, जबकि एक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। वनडे के बाद दोनों टीमें क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में भिड़ेंगी।