साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। तेज गेंदबाज केली नाइट को पहली बार एकदिवसीय टीम में जगह दी गई है। वनडे सीरीज का आगाज 29 मार्च से होना है।
केली नाइट ने हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की टी20 सीरीज में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। 2023 अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप टीम की सदस्य रहीं नाइट को घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। सुपर स्मैश 2025-26 टूर्नामेंट में नाइट ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नॉर्दर्न ब्रेव की तरफ से 10 विकेट चटकाए थे और वह संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज रही थीं। घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन के बूते ही नाइट को पहले टी20 टीम में चुना गया था।
50 ओवर के फॉर्मेट में भी केली नाइट ने घरेलू स्तर पर अपने प्रदर्शन से खासा प्रभावित किया है। उन्होंने ब्रेव को अपना पहला हैलीबर्टन जॉनस्टोन शील्ड टाइटल दिलाने में अहम किरदार निभाया था। नाइट ने इस टूर्नामेंट में कुल 17 विकेट चटकाए थे और वह दूसरी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रही थीं। फाइनल में भी नाइट ने 2 अहम विकेट निकाले थे। हेड कोच बेन सॉयर ने केली को टीम में शामिल करने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा, "केली के पास अच्छी पेस और कंट्रोल है, और उनकी शॉर्ट गेंदें बल्लेबाजों को लगातार चैलेंज करती हैं।"