न्यूजीलैंड ने 4-1 से जीती सीरीज, 5वें टी20 में दक्षिण अफ्रीका को 92 रन से हराया (Image Source: IANS)
न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम ने कप्तान अमेलिया केर की तूफानी शतकीय पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका को क्राइस्टचर्च में खेले गए पांचवें टी20 में 92 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली।
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने कप्तान अमेलिया केर के 55 गेंदों पर 19 चौकों और 1 छक्कों की मदद से बनाए 105 रन की बदौलत 6 विकेट के नुकसान पर 194 रन बनाए थे। जॉर्जिया प्लिमर ने 26 गेंदों पर 27 और ब्रूक हॉलिडे ने 24 गेंदों पर 26 रन की पारी खेली थी।
दक्षिण अफ्रीका के लिए अयाबोंगा खाका ने 4 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट लिए। तुमी सेखुखुने ने भी 3 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट लिए।