महेंद्र सिंह धोनी, यह सिर्फ एक नाम नहीं है, बल्कि चेन्नई सुपर किंग्स के तमाम फैंस के दिलों की धड़कन है। आईपीएल 2026 के आगाज से पहले एमए चिदंबरम स्टेडियम में जैसे ही माही ने कदम रखा, वैसे ही पूरा स्टेडियम उनके नाम से गूंज उठा। धोनी को देखते ही कुछ फैंस भावुक भी हो गए।
माना जा रहा है कि बतौर खिलाड़ी धोनी का यह आखिरी सीजन हो सकता है।
दरअसल, चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन की शुरुआत से पहले अपने घरेलू मैदान एमए चिदंबरम स्टेडियम में एक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसका नाम 'रोर 2026' रखा गया। इस कार्यक्रम में चेन्नई के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एक साथ मैदान पर नजर आए। चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें धोनी स्टेडियम के अंदर आते हुए दिख रहे हैं। धोनी जैसे ही मैदान पर कदम रखते हैं, उसके साथ ही पूरे स्टेडियम में उनका नाम गूंजने लगता है। वीडियो में एक महिला फैन के धोनी को देखने के बाद आंसू छलक पड़े, जबकि कुछ अन्य फैंस भी भावुक हो गए।